Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-17 23:37:38

गोपालगंज- जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से मंगलवार, 17 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की शाम किशोरी के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने पर माधोपुर थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। वहीं, पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया।

इस मामले में माधोपुर थाना कांड संख्या 104/26, दिनांक 16 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान माधोपुर थाना क्षेत्र के जवाहर मांझी के पुत्र सोनू कुमार पासवान और जवाहर शर्मा के पुत्र राजू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, मामले का अनुसंधान तेजी से किया जा रहा है। आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। साथ ही स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अभियुक्तों को जल्द सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।