गोपालगंज- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बैकुंठपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध डुमरिया घाट तथा बरौली प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवागमन की सुविधा तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखा जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाए।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भीड़ को नियंत्रित रखने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया। जिला प्रशासन की ओर से छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

You Can give your opinion here