Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-04 20:07:43

गोपालगंज - नगर थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास स्थित खाना खजाना के समीप मंगलवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले होमगार्ड जवान विकेश कुमार राय उर्फ गोवर्धन राय को बुधवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। होमगार्ड मैदान स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिकारियों एवं जवानों ने अपने दिवंगत साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और साथी जवानों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।होमगार्ड डीएसपी विवेक कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद होमगार्ड जवानों ने शोक सलामी दी। उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। 35 वर्षीय विकेश कुमार राय की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत से होमगार्ड विभाग के जवानों और अधिकारियों में शोक की लहर है।इस संबंध में होमगार्ड के जिलाध्यक्ष मुन्ना सिंह ने बताया कि मृतक जवान के परिजनों को तत्काल दाह संस्कार के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं, आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग की ओर से चार लाख रुपये अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त ईपीएफ के माध्यम से छह लाख रुपये की राशि भी परिजनों को मिलेगी। इस प्रकार मृतक जवान के परिवार को कुल 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि मृतक जवान की पत्नी को अगले दो वर्षों तक प्रतिमाह दो हजार रुपये पेंशन देने का प्रावधान है। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की भी व्यवस्था है, ताकि जवान की असामयिक मृत्यु के बाद परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।

श्रद्धांजलि सभा में नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, होमगार्ड जिलाध्यक्ष मुन्ना सिंह, विजय कुमार, वैभव कुमार, विमलेश कुमार यादव, पप्पू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत जवान के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की कामना की।