गोपालगंज- जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बसावनापुर गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। आरोप है कि विवादित जमीन पर कब्जे के प्रयास का विरोध करने पर पड़ोसियों ने वृद्ध पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।मृतक की पहचान बसावनापुर गांव निवासी स्वर्गीय रघु खरवार के पुत्र छठू खरवार (65) के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे।
परिजनों के अनुसार, छठू खरवार का अपने पड़ोसियों के साथ वर्ष 2009 से करीब ढाई बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। घटना के दिन जमीन पर जबरन ईंटें रखकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। इसका छठू खरवार और उनके परिवार के सदस्यों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपित पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान छठू खरवार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। परिजनों के बयान के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


You Can give your opinion here