Author: Alok Kumar | Date: 2026-10-17 23:33:27

गोपालगंज- दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने मिंज स्टेडियम में नगर परिषद गोपालगंज क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संयुक्त ब्रीफिंग में डीएम और एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार नजर रखें और भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

 

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

 

दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आवागमन में अनावश्यक बाधा नहीं आने देने पर बल दिया गया। साथ ही महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।

 

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

 

ब्रीफिंग में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक संदेशों और अफवाहों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

 

वरीय अधिकारियों की रही मौजूदगी

 

संयुक्त ब्रीफिंग में अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपालगंज, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित अन्य प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने आमजनों से दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्रशासन एवं पुलिस को देने का आग्रह किया है, ताकि त्योहार के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनी रहे।