गोपालगंज - थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के समीप पांडेय टोला स्थित पोखर से गुरुवार की सुबह दूसरे लापता मदरसा छात्र असरफ अली का भी शव बरामद किया गया।दो दिनों से लापता दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।वहीं, दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्वजनों ने दोनों छात्रों की हत्या कर शव पानी से भरे गड्ढे में फेंकने की आशंका जताई है।मिली जानकारी के अनुसार सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के तेतहली बाजार स्थित एक मदरसे के पांच छात्र बीते 23 नवंबर को चंदा लेने के लिए गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के हरपुर गांव आए थे। चंदा लेने के बाद इनमें से तीन छात्र वापस मदरसे लौट गए,जबकि 14 वर्षीय जैद सहीदी और असरफ अली लापता हो गए। दोनों छात्रों के वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद बुधवार की शाम थावे थाना क्षेत्र में जैद सहीदी का शव बरामद हुआ था।इसके बाद पुलिस दूसरे लापता छात्र असरफ अली की तलाश में जुटी हुई थी।गुरुवार की सुबह बंगरा गांव के पांडेय टोला के समीप चंवर में स्थित ईंट-भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में असरफ अली का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लगातार दो दिनों में दोनों छात्रों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
एसडीआरएफ की मदद से दोनों शवों की हुई बरामदगी
सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि दोनों लापता छात्रों की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। खोजबीन के दौरान एस डीआरएफ टीम का भी सहयोग लिया गया। टीम की मदद से दोनों छात्रों के शव बरामद किए गए।उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में हर पहलू पर विधिवत जांच-पड़ताल कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों की भी जांच की जा रही है,ताकि दोनों छात्रों की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
ईख तोड़ने को लेकर मारपीट की चर्चा
घटना के संबंध में स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि ईख तोड़ने के दौरान किसी गन्ना किसान ने छात्रों के साथ मारपीट की थी।हालांकि, इस बात की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्वजनों ने आशंका जताई है कि दोनों छात्रों की हत्या करने के बाद उनके शव पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिए गए। पुलिस इस आरोप और ईख तोड़ने के दौरान मारपीट की चर्चा समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर दो सदस्यीय एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से खून के धब्बे, कपड़े, चप्पल और अन्य संदिग्ध साक्ष्य एकत्र किए। सभी साक्ष्यों को जांच के लिए अपने साथ ले गई। एफएसएल टीम की जांच से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल के आसपास भी छानबीन कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You Can give your opinion here