गोपालगंज- जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के घाट बंन्धौरा गांव में रास्ता पूछने के बहाने पहुंचे बाइक सवार चार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली युवक के बाएं हाथ में कोहनी के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।जख्मी युवक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के लक्षीचक गांव निवासी रविन्द्र कुशवाहा के 22 वर्षीय पुत्र सौरभ कुशवाहा उर्फ गोलू कुशवाहा के रूप में हुई है।घटना के संबंध में जख्मी युवक ने बताया कि वह अपने घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान बाइक से चार युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था। सभी ने बाइक खड़ी कर उससे कटेया जाने का रास्ता पूछना शुरू किया। इसी बीच एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। युवक ने बताया कि उसने हमलावर को धक्का देने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसके बाएं हाथ में कोहनी के पास लग गई। उसने यह भी बताया कि इससे पहले भी उसके और उसके परिजनों पर हमला किया गया था। इसी कारण वह अपने मामा अवधेश कुशवाहा के घर घाट बंन्धौरा में रह रहा था।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। युवक को गोली मारने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।

You Can give your opinion here