Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-06 20:27:06

गोपालगंज- धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच जिला पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। बाजारों से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक पुलिस के जवान पूरी तरह अलर्ट मोड में तैनात रहे। त्योहार के दौरान खरीदारी करने निकले लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे। पुलिस की इस सक्रियता और व्यवस्थित इंतजाम की शहरवासियों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान बाजारों में ऐसी चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को नहीं मिलती थी। इस बार पुलिस की तत्परता से लोगों को काफी राहत मिली और उन्होंने सुरक्षित माहौल में खरीदारी की। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।धनतेरस पर सुबह से ही शहर के विभिन्न बाजारों में खरीदारों की भीड़ जुटने लगी थी। सोना-चांदी, आभूषण, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर विशेष रौनक रही। भीड़ को देखते हुए सदर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में 30 पुलिस पदाधिकारियों और 150 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। घोष मोड़ से पुरानी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक से थाना चौक, थाना चौक से मौनिया चौक तथा ब्लॉक मोड़ से थाना चौक तक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इससे बाजार में अनावश्यक वाहनों का दबाव कम हुआ और लोगों को पैदल खरीदारी करने में सहूलियत मिली।

 

मेटल डिटेक्टर से जांच, पैदल गश्त से बढ़ी निगरानी

 

सुरक्षा के मद्देनजर मौनिया चौक पर मेटल डिटेक्टर से जांच की व्यवस्था की गई थी। वहीं, प्रमुख सड़कों और बाजारों में पांच-पांच जवानों की टुकड़ी बनाकर पैदल गश्त कराई जा रही थी। आभूषण की दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यातायात नियंत्रण के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान लाइन डीएसपी सुबोध कुमार, यातायात डीएसपी सोमेश मिश्रा, यातायात थानाध्यक्ष राजेश कुमार और नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते दिखे। पुलिस की सक्रियता से बाजार में खरीदारी का माहौल शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बना रहा।