Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-04 23:09:51

गोपालगंज- जिला कृषि कार्यालय परिसर में आत्मा, गोपालगंज के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन बुधवार को हथुआ विधायक रामसेवक सिंह, बरौली विधायक मंजीत कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी समीर सौरभ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायकों ने किसानों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। वहीं, जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने कम लागत में अधिक उत्पादन और मुनाफा प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

 

मेले में कृषि यंत्र विक्रेताओं, जीविका, कृषि विज्ञान केंद्र, चीनी मिल तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों की ओर से कुल 40 स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि उपकरणों और उन्नत खेती की जानकारी दी गई। मेले में समेकित कृषि प्रणाली का जीवंत मॉडल आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इसके निर्माण में आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक विनय कुमार एवं प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सचिन कुमार गौतम की अहम भूमिका रही।

 

जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा ललन कुमार सुमन ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, उप परियोजना निदेशक विवेक गुप्ता ने आत्मा योजना, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण प्रियंका कुमारी ने कृषि यांत्रिकीकरण योजना तथा जिला उद्यान पदाधिकारी आकाश कुमार ने उद्यानिकी फसलों से संबंधित योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके अलावा पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने पशुओं के टीकाकरण, रोगों से बचाव और मत्स्य पालन की योजनाओं की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी किसानों को जागरूक किया गया। मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।