गोपालगंज- आगामी दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों को छठ घाटों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और अवैध पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। पटाखा दुकानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराने के साथ बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।छठ पर्व को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। वहीं, कार्यपालक अभियंता विद्युत को छठ व्रतियों के आवागमन वाले रास्तों को चिह्नित कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर एवं संवेदनशील बिजली तारों की मरम्मत कराने को कहा गया।वहीं, पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोपालगंज, थावे एवं हथुआ रेलवे स्टेशनों तथा बस स्टैंड पर रात्रिकालीन बस सेवा का 24 घंटे संचालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा संवेदनशील छठ घाटों पर स्थानीय स्तर पर अनुभवी गोताखोरों एवं तैराकों की व्यवस्था करने को कहा गया।
अंत में डीएम और एसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा दीपावली एवं छठ महापर्व को शांति, सद्भाव और सुरक्षा के वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।

You Can give your opinion here