Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-19 21:56:18

गोपालगंज- आगामी 22 नवंबर से जिले में शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की उपस्थिति में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक के दौरान डीएम ने जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प अभियान के तहत रंग-रोगन, मरम्मत एवं साफ-सफाई का कार्य 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अस्पताल प्रबंधक एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

 

पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने इसके सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए प्रतिदिन समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने को कहा। साथ ही अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थापित चिकित्सकों से उन्हीं स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं लेने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

 

डीएम ने हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों को रेफर किए जाने की संख्या कम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सदर अस्पताल गोपालगंज, अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ और सभी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती मरीजों की इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिपोर्ट तैयार कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

 

इसके अलावा जिले की सभी आशा कार्यकर्ताओं को एम-आशा (m-ASHA) ऐप पर शत-प्रतिशत सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिले में रिक्त पड़े आशा कार्यकर्ताओं के पदों पर एक माह के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।