Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-13 23:11:49

गोपालगंज- जिले में एक हैरान कर देने वाला और रोमांचक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को जहरीले सांप ने डंस लिया, लेकिन युवक ने अपनी घबराहट पर काबू पाते हुए ऐसी सूझबूझ और हिम्मत दिखाई कि देखने वाले दंग रह गए। युवक ने न सिर्फ काटने वाले सांप को जिंदा पकड़ लिया, बल्कि करीब 25 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर उसे अपने हाथ में लपेटे हुए सीधे सदर अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने जब युवक के हाथ में जहरीला सांप देखा, तो उनके होश उड़ गए।

दरअसल जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा बाजार निवासी लाल मोहम्मद मियां का बेटा शकील अंसारी के रूप में हुई है।बताया जाता है कि शकील अंसारी सेमरा बाजार में स्थित एक गोदाम में काम के सिलसिले में ग्या था।वह गोदाम के अंदर रखे सामान को व्यवस्थित करने के लिए बोरे हटा रहा था

इसी दौरान गोदाम में छिपे बैठे एक जहरीले सांप ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके हाथ में डंस लिया। अचानक हुए इस हमले से एक पल के लिए शकील चौंक गया लेकिन उसने तत्काल भांप लिया कि उसे किसी जहरीले जीव ने काटा है।सांप को मारने के बजाय तत्काल दबोच लिया।

सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में लोग डरकर भाग जाते हैं या फिर सांप को मार डालने की कोशिश करते हैं। लेकिन शकील अंसारी ने संयम का परिचय देते हुए उसे पकड़ लिया इलाज के दौरान डॉक्टरों को पहचान में कोई दिक्कत न हो और सही एंटीवेनम मिल सके, इसके लिए सांप को भागने का मौका नहीं दिया। शकील ने अपनी जान जोखिम में डालकर उस खतरनाक सांप को अपने हाथों से सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।

सांप को पकड़ने के बाद शकील ने बिना एक पल गंवाए अस्पताल जाने का फैसला किया। सेमरा बाजार से गोपालगंज सदर अस्पताल की दूरी करीब 25 किलोमीटर है। शकील ने इस 25 किलोमीटर लंबे सफर को तय किया और जब वह गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल हुए, तो उनके हाथ में एक जिंदा सांप लिपटा हुआ था।अस्पताल पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और अन्य मरीज शकील के हाथ में लिपटे सांप को देखकर बुरी तरह हैरान रह गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि कोई व्यक्ति सांप के काटने के बाद इस तरह उसे हाथ में लेकर कैसे अस्पताल पहुंच सकता है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टर ने तत्काल त्वरित कार्रवाई की। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सबसे पहले शकील को सुरक्षित तरीके से पकड़कर सांप से अलग किया और उसे एक डिब्बे में बंद करवाया। इसके बाद शकील को एंटीवेनम इंजेक्शन और अन्य जरूरी चिकित्सीय सहायता दी गई।