सारण शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने का निर्देश डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने मतदान कर्मियों व पुलिस पदाधिकारियों को दी आवश्यक दिशा-निर्देश गोपालगंज- बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र

Author: Alok Kumar | Date: 2026-10-22 18:31:07

गोपालगंज- बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। मतदान समय पर शुरू कराने, मतपत्रों और मतपेटिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। किसी भी समस्या या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने को कहा गया।

जिले में कुल 1297 मतदाता 14 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी। अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने, मतदाताओं के पहचान पत्रों का सत्यापन करने और मतदान प्रक्रिया की सतत वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया। निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट से मिलान करने तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।एसपी विनय तिवारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करें।बैठक में डीडीसी गौरव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश राय, सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।