गोपालगंज मे शादी से पहले 21 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, कपड़ा सिलवाने निकली थी घर से,

Author: Alok Kumar | Date: 2026-11-23 23:55:41

गोपालगंज- जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी से पहले 21 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती को सीने में एक गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।मृतका की पहचान जागीरी टोला गांव निवासी दूधनाथ सिंह की 21 वर्षीय पुत्री रम्मी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रम्मी बीए की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी। आगामी 14 मार्च को उसकी शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में सोमवार को वह कपड़ा सिलवाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान घर से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर कम आवाजाही वाले स्थान पर उसे गोली मार दी गई।परिजनों के अनुसार, नया टोला रजोखर गांव निवासी डीलर महातम साह के पुत्र राजा साह ने इस वारदात को अंजाम दिया है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। बताया जाता है कि आरोपी और मृतका के घर के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी है।घटना की सूचना मिलते ही जादोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक तौर पर मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।इस हत्याकांड के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने नामजद आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।