ऑपरेशन मुस्कान के तहत बाइक एवं मोबाइल पाकर लोगो के खिले चेहरे।

Author: आलोक कुमार | Date: 2026-04-04 18:48:25

गोपालगंज-जिले में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन व मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत शनिवार को थावे दुर्गा मंदिर परिसर में बरामद सामान उसके असली मालिकों को सौंपा गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने पूजा-अर्चना के बाद लोगों को उनके मोबाइल फोन और बाइक सुपुर्द किए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाते हुए मोबाइल रिकवरी टीम (डीआईयू) तथा विभिन्न थाना पुलिस की मदद से तकनीकी अनुसंधान के जरिए मोबाइल फोन और चोरी की गई बाइक की खोजबीन की गई। अभियान के दौरान कुल 70 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें सत्यापन के बाद उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया।इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुई 18 मोटरसाइकिलें भी बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द कर दी गईं। पुलिस द्वारा सभी बाइक मालिकों को एक-एक हेलमेट भी दिया गया। अपने खोए मोबाइल और बाइक वापस मिलने से लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस की पहल की सराहना की।पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में नगर थाना क्षेत्र से 10, बरौली थाना से 8, कटेया थाना से 6 तथा उचकागांव थाना से 7 मोबाइल फोन शामिल हैं। अभियान में बरौली थाना के एस आई मनीष कुमार चौधरी, नगर थाना के जितेन्द्र महतो, कटेया थाना के ब्रजेश कुमार सिंह तथा उचकागांव थाना के जितेश गोरांग सहित डीआईयू टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसपी ने बताया की डीआईयू टीम के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।एसपी ने बताया कि इससे पहले फरवरी माह में भी ऑपरेशन मुस्कान के तहत 60 मोबाइल फोन और 9 बाइक बरामद कर लोगों को लौटाए गए थे। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।मौके पर लाइन डीएसपी सुबोध कुमार, ट्रैफिक डीएसपी सुमेश मिश्रा, थावे थाना अध्यक्ष विभा कुमारी,टीओपी प्रभारी धीरज कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे।